शहरभर में मनाया गया विधायक सुधीर सिंगला का जन्मदिन

-स्वयं कई स्थानों पर जाकर विधायक ने बांटे फल, वस्त्र व अन्य सामग्री
गुरुग्राम के साथ बादशाहपुर विधानसभा में विधायक को किया गया आमंत्रित
गुरुग्राम : मंगलवार को गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। शहर में कई स्थानों पर उनके जन्मदिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। केक काटने के साथ-साथ लोगों को सहायता सामग्री, कपड़े, फल आदि का वितरण विधायक सुधीर सिंगला ने अपनी पत्नी सुनीता सिंगला के साथ किया।
सुबह से ही विधायक सुधीर सिंगला को जन्मदिवस की बधाई देने वालों का तांता उनके घर पर ही लगना शुरू हो गया। बीजेपी जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, पूर्व डिप्टी मेयर परमिंद्र कटारिया, मनोज भारद्वाज, मंगतराम बागड़ी, शीतल बागड़ी समेत जिला के अनेक नेताओं ने विधायक सुधीर सिंगला को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनकी लंबी उम्र की कामना की। सिविल लाइन में अपने कार्यालय पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं, पार्टी के नेताओं, सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने उनको जन्मदिन की मुबारक बाद दी। यहां पर विधायक ने अपनी पत्नी सुनीता सिंगला के साथ मिलकर केक काटा। विधायक का सबसे पहला कार्यक्रम नवजीवन अस्पताल में था। वहां पर केक काटने के बाद विधायक सुधीर सिंगला बसई रोड स्थित स्लम एरिया में पहुंचे। वहां लोगों को जरूरत का सामान वितरित किया। यहां से वे नागरिक अस्पताल सेक्टर-10 पहुंचे। अस्पताल में पीएमओ डा. दीपा सिंधू समेत अन्य डॉक्टर्स ने विधायक को जन्मदिन की बधाई दी। विधायक ने यहां मरीजों को तोहफे वितरित किए। अस्पताल के बाद विधायक सेक्टर-4 स्थित ओल्ड एज होम में पहुंचे। वहां बुजुर्गों के साथ उन्होंने अपने जन्मदिन का केक काटकर खुशी मनाई। यहां पर जिला उपायुक्त अमित खत्री की माता कृष्णा देवी भी पहुंची। उन्होंने विधायक सुधीर सिंगला को लंबी उम्र का आशीर्वाद दिया। लक्ष्मण विहार में पूर्व पार्षद मंगतराम बागड़ी व पार्षद शीतल बागड़ी के कार्यालय पर भी जन्मदिन मनाया गया। यहां के बाद अशोक विहार में जन्मदिन का कार्यक्रम हुआ। अशोक विहार के बाद दोपहर 12 बजे सिविल लाइन कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने उनकी लंबी उम्र की कामना के साथ केक काटा। फिर सेक्टर-52 स्थित आरडी सिटी में जन्मदिन कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर डेढ़ बजे के बाद सुपर मार्ट कैफे सोलमेट में भी कार्यकर्ताओंं ने उनके जन्मदिन का केक कटवाया। वहीं 4/8 मरला, सेक्टर-10ए, राजीव नगर, बादशाहपुर के इस्कॉन टेम्पल में भी विधायक सुधीर सिंगला का जन्मदिन मनाया।
कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों द्वारा दिनभर जन्मदिवस के कार्यक्रमों, बधाइयों से गदगद विधायक सुधीर सिंगला ने सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इसी तरह से ही शहर के विकास में उनका साथ दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *