सोशल मीडिया के जरिए लड़कियों को फंसा कर परेशान करता था मनचला, पुलिस ने किया गिरफ्तार !

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने फर्जी नाम से सोशल मीडिया अकांउट बनाकर 50 से अधिक महिलाओं एवं लड़कियों को परेशान करने एवं उनकी तस्वीरों से छेड़छाड़ करने के आरोप में हरियाणा के फरीदाबाद से एक 19 साल के युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रहीम खान ने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की है और तस्वीरों से छेड़छाड़ करने में सक्षम कई मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करता है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर करीब 50 लड़कियों एवं महिलाओं का उत्पीड़न किया है।
आरोप है कि रहीम खान महिला की फर्जी पहचान के जरिये इन महिलाओं एवं लड़कियों को अश्लील संदेश भेजता था, यहां तक कि वह नाबालिग बच्चियों को भी उनकी तस्वीर से छेड़छाड़ कर निशाना बनाता था। पुलिस ने बताया कि रहीम को दिल्ली के आरके पुरम थाने में एक पीड़िता द्वारा मंगलवार को दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक इंस्टाग्राम पर ”सीएच_रहीम_खान786 आईडी से उसकी छेड़छाड़ की गई तस्वीर भेजी जा रही है और नग्न तस्वीरों की मांग की जा रही है।